दीवार गिरी, ननिहाल आए बालक की दबने से मौत
रुधौली क्षेत्र के सेहुड़ा खुर्द गांव की घटना, सिद्धार्थनगर के इटवा से आया था आकाश
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। लगातार हो रही बारिश के बीच रुधौली थाने के सेहुड़ा खुर्द गांव के गरीब दास का खपरैल का मकान ढह गया जिसके नीचे दबकर 12 वर्षीय बालक आकाश की मौत हो गई।
गरीबदास की बेटी सुंदरी की शादी सिद्धार्थनगर के इटवा तहसील क्षेत्र के सोहना गांव में हुई है। करीब 15 दिन पहले सुंदरी अपने बच्चों के साथ मायके आई थी। शुक्रवार सुबह सुंदरी का बेटा आकाश नाना के खपरैल के मकान के पास खेल रहा था। इसी दौरान अचानक खपरैल की दीवार ढह गई। बालक आकाश मलबे के नीचे दब गया जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पाकर आकाश के पिता रामपाल भी गांव में पहुंच गए और एसडीएम को फोन कर घटनाक्रम की जानकारी दी। तहसील से पहुंची राजस्व टीम ने हादसे की रिपोर्ट तैयार की। गांव पहुंचे आकाश के पिता रामपाल बेटे का शव लेकर सिद्धार्थनगर अपने गांव सोहना के लिए रवाना हो गए। हादसे की सूचना पाकर कानूनगो देवेंद्र कुमार यादव, लेखपाल अजय वर्मा, लेखपाल प्रेरणा, अर्पित सिंह, बृजेंद्र कुमार मौके पर पहुंच गए और रिपोर्ट तैयार कर तहसीलदार को सौंप दिया है।