करंट की चपेट से किसान की मौत
कप्तानगंज। थाना क्षेत्र के कौड़ीकोल बुजुर्ग में घर पर विद्युत बोर्ड में तार लगाते समय 45 वर्षीय व्यक्ति करंट की चपेट में आ गया। परिवार के लोग आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए। यहां पहुंचने पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष कप्तानगंज हरे कृष्ण उपाध्याय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कौड़ीकोल बुजुर्ग निवासी गणेश दत्त (45) खेतीबाड़ी करते थे। बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह घर पर किसी कार्य के लिए बिजली का तार बोर्ड में लगा रहे थे। इसी दौरान करंट की चपेट में आ गए और अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई। गणेश की मौत से परिवारीजन का रो-रोकर बुरा हाल था।