शव की पहचान कराने में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
विक्रमजोत। छावनी थाना क्षेत्र के रानीपुर-कठवनियां गांव के पास सरयू नदी में 40 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिला। मंगलवार सुबह शव को नदी की तरफ गए स्थानीय लोगों ने देखा। इसकी सूचना ग्राम प्रधान बब्लू प्रजापति ने छावनी पुलिस को दी। मौके पर मयफोर्स पहुंचे चौकी प्रभारी विक्रमजोत रितेश कुमार सिंह ने शव नदी से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लोलपुर-विक्रमजोत तटबंध के पास सरयू नदी की सहायक टेढ़ी नदी सूख गई है। नदी के ठहरे हुए पानी में शव मिला। वह हरे रंग की टी-शर्ट और काले रंग का लोवर पहना हुआ था। चेहरे व हाथों में कटे का निशान देखकर लोग हत्या कर शव यहां फेंक देने की आशंका जता रहे हैं।
घटनास्थल के पास बाढ़ विभाग का काम चल रहा है। जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक छावनी राजेश कुमार तिवारी व क्षेत्राधिकारी हर्रैया अशोक मिश्र भी मौके पर पहुंचे। हत्या कि आशंका पर सीओ के निर्देश पर पहुंची फॉरेंसिक टीम के मनजीत कुमार ने जांच-पड़ताल किया। क्षेत्राधिकारी अशोक मिश्र ने बताया कि नदी सूखी है। शव का बहकर आना नामुमकिन है। शव की शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया के जरिए आसपास के जिलों व थानों पर फोटो भेज कर पहचान करवाई जा रही है।