शनिवार को नए घाट पर नहाते समय डूब गया था अमित कसौधन
संवाद न्यूज एजेंसी
विक्रमजोत। अयोध्या के नए घाट पर सरयू नदी में शनिवार को डूबे छावनी थाना क्षेत्र के विक्रमजोत कस्बा निवासी अमित कसौधन का रविवार को शवदाह स्थल के पास उतराया शव मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची अयोध्या जल पुलिस व नया घाट पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर डूबे युवक के परिजनों को सूचित कराया।
शव मिलने की सूचना पर विक्रमजोत कस्बे के दर्जनों लोग अयोध्या पहुंच गए। इसके बाद शव की पहचान की। अयोध्या पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दोपहर बाद शव कस्बे में लाया गया तो परिवार में कोहराम मच गया। अमित तीन भाइयों में सबसे छोटा था। पिता श्रीप्रकाश के कार्यों में हाथ बंटाता था। छोटे बेटे के शव को देख माता-पिता का रो रोकर बुरा हाल रहा।
शनिवार को अमित दोस्त अमन के साथ अयोध्या गया था। जहां नया घाट पुराने पुल के पास पैर फिसल जाने से वह सरयू नदी में लापता हो गया था। अमित इंटर की परीक्षा पास कर अयोध्या स्थित साकेत पीजी काॅलेज से बीए प्रथम वर्ष में पढ़ रहा था।