- अचानक बनी सड़क निर्माण की व्यवस्था, रात-दिन एक कर किया जा रहा कायाकल्प
- नगर पालिका करेगी सड़क का भुगतान, निर्माण को उतरी लोक निर्माण विभाग की टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर के रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित एक होटल में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए सड़क का भी भाग्योदय हो गया। इस खस्ताहाल सड़क की दशा सुधारने के लिए एक साल से अधिक समय से जहां धनाभाव का रोना रोया जा रहा था, वहीं एक दिन पहले अचानक सड़क निर्माण की व्यवस्था बना ली गई। यहां हाट मिक्स प्लांट से रात-दिन एक कर सड़क के कायाकल्प शुरू कर दिया गया है। 24 घंटे में दक्षिण दरवाजा से कार्यक्रम स्थल से आगे तक करीब 500 मीटर की लंबाई में सड़क को चमका दिया गया है। अभी निर्माण कार्य जारी है।
नगर पालिका के अधीन दक्षिण दरवाजा से रेलवे स्टेशन मार्ग की दशा दो साल से दयनीय है। इधर, बारिश के बाद इस सड़क पर राह चलने लायक नहीं रह गया था। सड़क कई जगह गड्ढों में तब्दील हो गई थी। नगर पालिका मरम्मत के नाम पर धनाभाव की दुहाई देकर हाथ खड़े करती रही। यहां तक कि इस सड़क को पीडब्ल्यूडी को हस्तांतरित करने की पहल भी कर दी गई थी।
हालांकि, पीडब्ल्यूडी मुख्यालय ने इस पर स्वीकृति नहीं दी। इधर स्टेशन रोड पर स्थित एक होटल परिसर में आर्य समाज नई बाजार के स्थापना दिवस कार्यक्रम में सीएम के आगमन का संकेत मिलते ही इस सड़क के भी भाग्यद्वार अचानक खुल गए। दो दिनों के भीतर सड़क के कायाकल्प की योजना तैयार कर ली गई। 24 घंटे के भीतर तस्वीर बदली हुई दिखाई पड़ने लगी है। जिले के आला अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद तय हुआ कि इस सड़क के निर्माण पर नगर पालिका धन खर्च करेगी। जबकि कायाकल्प का जिम्मा लोक निर्माण विभाग के निर्माण इकाई को दिया गया है। यहां विभाग की टीम मशीनों के साथ उतर गई है।
500 मीटर की लंबाई में सड़क का निर्माण हो चुका है। अभी कार्य जारी है। हालांकि दोनों विभागों के अधिकारी इस सड़क के निर्माण के बारे में बजट, निविदा आदि से संबंधित जानकारी देने से कतरा रहे हैं। ईओ नगर पालिका दुर्गेश्वर त्रिपाठी ने कहा कि रेलवे स्टेशन मार्ग पर सड़क निर्माण का भुगतान नगर पालिका की ओर से किया जाएगा। यह कार्य लोक निर्माण विभाग की निगरानी में कराया जा रहा है।