कुआनो नदी में मिला युवक का शव
वाल्टरगंज (बस्ती)। थानाक्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के पास कुआनो नदी में एक युवक का शव उतराती देखी गई। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष डीके सरोज ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया।
शव की शिनाख्त का घंटों प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी नमूने एकत्रित किए। क्षेत्राधिकारी सदर गिरीश कुमार सिंह ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर शव के संबंध में थानाध्यक्ष से जानकारी ली गई और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। थानाध्यक्ष डीके सरोज ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 22 वर्ष है। एसओ के अनुसार शव दो-तीन दिन पुराना लग रहा है। शिनाख्त करवाने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के थानों से हाल के दिनों में दर्ज हुई गुमशुदगी का ब्योरा मंगाया गया है।