रुधौली। थाना क्षेत्र के नसीबगंज तिराहे पर एक चाय की दुकान के कमरे में बुधवार की सुबह एक 18 वर्षीय युवक का शव पंखे से रस्सी के सहारे लटकता हुआ मिला है। सूचना के बाद पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और शव बरामद करने के साथ मौके से साक्ष्य भी जुटाया है। परिवार के लोग हत्या की आशंका जाता रहे हैं।
जिले के गौर थाना क्षेत्र के बरगदिया गांव का रहने वाला विशाल जायसवाल 18 पुत्र राजकुमार रुधौली थाना क्षेत्र के चोंगरी निवासी अपने मामा श्याम बहादुर के साथ नसीबगंज तिराहे पर चाय की दुकान पर काम करता था और रात में वह दुकान में ही रहता था। मामा श्याम बहादुर ने बताया कि मंगलवार की रात में दुकान बंद करके वह घर चले गए थे। भांजा विशाल दुकान में अकेले सोया हुआ था। सुबह रोजाना की तरह गांव के चिंकू दुकान पर दूध लेकर पहुंचा। उसने शटर खटखटाया और विशाल को आवाज भी लगाई। लेकिन, अंदर से कोई हलचल नहीं सुनाई पड़ी। तब विशाल को फोन भी मिलाया लेकिन, फोन नहीं लगा। काफी देर बाद भी जब विशाल शटर खोलकर बाहर नहीं निकला तो चिंकू ने इसकी जानकारी उसके मामा श्याम बहादुर को दी। उसने शटर उठाया तो अंदर का मंजर देख दंग रह गया। भांजा विशाल छत में लगे पंखे में रस्सी के सहारे लटकता दिखाई पड़ा। मामा श्याम बहादुर के अनुसार विशाल का शव पंखे के सहारे लटक भले रहा था लेकिन,उसका घुटना नीचे रखे तख्त से सटा हुआ था। बताया कि उनका भांजा चाय की दुकान चलाने में उनका सहयोग करता था। घटना की जानकारी के बाद रुधौली पुलिस और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना कर साक्ष्य संकलित किया।