कमरे में फंदे से लटका मिला युवक का शव
नगर बाजार (बस्ती)। नगर थाना क्षेत्र के नेउरीगाड़ा कुसरौत गांव के 24 वर्षीय युवक का बंद कमरे में फंदे से लटका शव मिला। जानकारी होने पर परिवार के लोगों ने जिंदा होने की उम्मीद में पुलिस के पहुंचने से पहले ही शव को उतार लिया था। सूचना पाकर नगर थाने की पुलिस व विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम घटना स्थल पर पहुंची और सभी पहलुओं पर छानबीन शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
नगर थाना क्षेत्र के ग्राम नेउरीगाड़ा कुसरौत निवासी 24 वर्षीय ध्रुव मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का खर्च चला रहे थे। उनके पिता विनोद की बहुत पहले ही बीमारी से मौत हो चुकी थी। परिवार के लोगों का कहना है कि सोमवार रात लगभग नौ बजे वह शराब के नशे में घर आए और कमरे में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिए। उस समय घर के लोग बाहर थे। काफी देर तक जब दरवाजा नहीं खुला तो परिवार के लोगों ने खिड़की में भरे कच्ची ईंटों को हटाकर अंदर देखा तो ध्रुव का शव छत के नीचे कपड़े टांगने के लिए लगाए गए बांस से दुपट्टे के सहारे लटक रहा था। परिवार के लोगों ने शोर मचाया जिससे आस पास के तमाम लोग जमा हो गए। खिड़की की ईंटें हटाकर कुछ लोग कमरे में गए और दरवाजा खोलकर पुलिस के आने से पहले शव को नीचे उतार लिया। गले से फंदा खोलकर देखा तो ध्रुव की सांसें थम चुकी थीं। इसी बीच किसी ने इसकी सूचना नगर पुलिस को दे दी। थाना प्रभारी नगर जनार्दन प्रसाद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
-
टूट गई परिवार की रीढ़
- ध्रुव की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह चार भाई बहनों में सबसे बड़े थे।दूसरे नंबर पर 18 वर्षीय बहन खुशबू, 15 वर्षीय भाई करन व सबसे छोटी बहन 16 वर्षीय मीनू है। पिता की मौत बहुत पहले हो चुकी है। ऐसे में ध्रुव ही किसी तरह मेहनत मजदूरी कर परिजनों का खर्चा चला रहे थे। एक वर्ष पूर्व भदेश्वर नाथ निवासी नैना से ध्रुव की शादी हुई थी। मां मिश्री देवी ने बताया कि ध्रुव अक्सर नशे में रहा करता था। उसने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, यह किसी की समझ में नहीं आ रहा है। अब परिवार का गुजर-बसर कैसे होगा, कुछ समझ में नहीं आ रहा है।