छावनी के हाइवे पर दुर्घटना में क्षतिग्रस्त बोलेरो।
विक्रमजोत। छावनी थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर बाद करीब दो बजे बबुरहवा कट पर अनियंत्रित बोलेरो तेज रफ्तार डीसीएम में बगल से टकराकर पलट गयी। पलटी बोलेरो में सवार लोगों की चीख पुकार सुन कर पहुंचे राहगीरों व स्थानीय लोगों ने वाहन को सीधा करवाकर पुलिस को सूचित किया। बोलेरो में सवार चालक सहित आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी हर्रैया पहुंचाया। जहां दो लोगों की हालत खराब देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय भेज दिया। घायलों की पहचान परशुरामपुर थाना क्षेत्र निवासी दीपक गुप्ता, अयोध्या के पूरा कलंदर निवासी सुनील कुमार, तारुन निवासी रोहित कुमार, सुपेलवा बस्ती सत्यम व बिहार के बेतिया बररिया निवासी नत्थू व मोती के रूप में हुई। थानाध्यक्ष छावनी दुर्गेश कुमार पांडेय ने बताया कि सूचना पर पहुंच कर घायलों को चिकित्सालय भेज दिया गया वहीं दुर्घटना ग्रस्त वाहनों को किनारे कर यातायात व्यवस्थित कराया गया।