बभनान कस्बे में चांदनी की मौत के बाद लगी लोगों की भीड़।
बस्ती जिले में गौर थाना क्षेत्र की नगर पंचायत बभनान के सुभाष नगर वार्ड में 25 वर्षीय विवाहिता का शव घर की ऊपरी मंजिल में उसके कमरे में साड़ी के फंदे से लटकता मिला। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास-ससुर सहित पांच लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या, दहेज उत्पीड़न व घरेलू हिंसा की धारा में मुकदमा पंजीकृत किया है। सूचना के बाद घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम सहित क्षेत्राधिकारी हरैया शेषमणि उपाध्याय, चौकी प्रभारी बभनान धर्मेंद्र तिवारी, प्रभारी निरीक्षक गौर बृजेंद्र पटेल मौके पर पहुंच गए हैं।
रविवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि नगर पंचायत बभनान के सुभाष नगर वार्ड में विवाहिता का शव कमरे में छत के बीम से कपड़े के सहारे लटक रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस फॉरेंसिक टीम के आ जाने के बाद शव को नीचे उतारा गया। घटना की जानकारी मृतका के मायके वालों को हुई तो वे भी मौके पर पहुंच गए। मायके वाले ससुरालियों पर दहेज के लिए फंदा से लटका कर मार डालने का आरोप लगाने लगे। मृतका के पिता नगर थाना क्षेत्र के गोटवा निवासी राधेश्याम गुप्ता ने पुलिस की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ।
पांच लाख दहेज मांगने का आरोप
पिता राधेश्याम ने तहरीर में बताया कि उसने अपनी पुत्री चांदनी की शादी लगभग चार वर्ष पहले नगर पंचायत बभनान के सुभाष नगर वार्ड में दिलीप पुत्र राम दुलारे से की थी। ससुराली शादी के बाद से ही पांच लाख नगद व सोने की ब्रेसलेट सहित सोने की चेन की मांग कर रहे थे।
बताया कि उनकी पुत्री का पति दिलीप, ससुर राम दुलारे, देवर महेश, ननद विजय लक्ष्मी व सास आए दिन दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। आरोप लगाया कि उसने दहेज की मांग पूरी नहीं की तो ससुराल वालों ने मिलकर उनकी पुत्री को फंदे से लटका कर मार डाला। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक गौर ब्रजेंद्र पटेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। शरीर पर कहीं चोट के निशान नहीं दिख रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।