सरयू नदी में डूबे युवक का चालीस घंटे बाद मिला शव
दुबौलिया (बस्ती)। मवेशियों के साथ सरयू नदी पार करते समय पानी में डूबे युवक का शव 40 घंटे बाद उतराता हुआ शेरवाघाट के पास मिला।
थाना क्षेत्र के पिठिया लश्करी गांव निवासी राम नयन यादव (38) सोमवार दोपहर अपने मवेशियों को चराने गांव के दक्षिण सरयू नदी पार कर रहे थे। अचानक तेज बहाव के कारण नदी में लापता हो गए थे। दुबौलिया पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी खोजबीन की लेकिन नदी में लापता युवक का कुछ पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह दस बजे घटना स्थल से करीब पांच किमी दूर अशोकपुर शेरवाघाट के पास कुछ लोगों ने नदी में एक व्यक्ति का शव उतराता हुआ देखा। मौके पर पहुंचे परिजन ने शव की पहचान राम नयन यादव के रूप में की। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।