महादेवा। बनकटी ब्लॉक के महादेवा-मुंडेरवा मार्ग पर महज कुछ ऊंचाई पर 11 हजार वोल्ट का तार लटक रहा है। इससे राहगीरों को खतरा है। इसी रोड पर विद्यालय और घरों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से हादसे की आशंका रहती है। कुछ दिन पहले लहरी गांव के स्वर्ण व्यवसायी अपनी ही छत पर हाईटेंशन तार की चपेट में आकर झुलस गए थे।
उपकेंद्र पड़ियापार के अंतर्गत महादेवा-मुंडेरवा मार्ग से ककरौली जाने वाले रास्ते पर हाईटेंशन तार इतने ढीले हो गए हैं कि यदि जरा सा भी हवा तेज चलती है तो तार टकराने लगते हैं। चिंगारी सड़क पर गिरती है। इसी सड़क से होकर स्कूली बसें एवं बड़ी संख्या में राहगीर गुजरते हैं। सड़क से सटे महसौना गांव के पास हाईटेंशन तार महज 8 फीट की ऊंचाई पर पर झूल रहे हैं। सहायक अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि जल्द मौके का मुआयना कर तार को ठीक करवा दिया जाएगा। संवाद