रुधौली (बस्ती)। नगर पंचायत रुधौली के इंदिरा नगर वार्ड (बसंतपुर) में बृहस्पतिवार शाम एक खेत से लौट रहे बुजुर्ग किसान की सड़क हादसे में मौत हो गई। उनकी पहचान रामअजोर यादव (60) पुत्र भोला यादव के रूप में हुई। वह खेत देखकर घर लौट रहे थे।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजन और पुलिस ने उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुधौली पहुंचाया। चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार रामअजोर यादव चार भाइयों में तीसरे नंबर के थे। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है, उनके एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। हादसे की सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य अवाक रह गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, और जांच शुरू कर दी है। संवाद