करंट से किसान की मौत, ट्रैक्टर चालक झुलसा
दुबौलिया (बस्ती)। क्षेत्र के बरसांव टेढ़वा में सोमवार सुबह ट्रैक्टर से खेत की जुताई करते समय कल्टीवेटर बिजली के खंभे में फंस गया, जिससे किसान की गंभीर रूप से झुलसकर मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक भी बुरी तरह से झुलस गया, जिसे जिला अस्पताल अयोध्या इलाज के लिए पहुंचाया गया है।
बरसांव टेढ़वा निवासी परमात्मा प्रसाद शुक्ला (68) के खेत से होकर बिजली विभाग की हाईटेंशन लाइन गुजरी है। सोमवार की सुबह करीब आठ बजे वह अपने खेत की ट्रैक्टर से जुताई के लिए ट्रैक्टर मंगाए। जुताई करते समय एचटी लाइन के स्टेक में ट्रैक्टर का कल्टीवेटर फंस गया। जिससे करंट उतर रहा था। किनारे खड़े किसान परमात्मा प्रसाद तार छुड़ाने लगे। तभी वह हाईटेंशन करंट की चपेट में आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
ट्रैक्टर चालक राम नाथ यादव भी गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल अयोध्या ले जाया गया। थानाध्यक्ष पंकज कुमार सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलती है तो जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
खेत में हुए हादसे के दौरान परमात्मा प्रसाद की मौत की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया। पत्नी रामकुमारी का रो-रोकर बुरा हाल था। परमात्मा की छह संतानों में पांच बेटियां व एक बेटा है। बेटा मनोज छत्तीसगढ़ में नौकरी करता है। गांव पर खेती-बारी की जिम्मेदारी परमात्मा प्रसाद ही संभालते थे।