बस्ती। रंगों का पर्व होली यूं तो गुरुवार को मनाया जाएगा मगर पिछले कई दिनों से इसका असर दिखने लगा है। मंगलवार को सरकारी दफ्तरों में होली देखने को मिली। बुधवार से अवकाश होने के कारण कर्मचारियों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगा होली की शुभकामनाएं दी। होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। बाजार पर भी होली का रंग चढ़ा नजर आया। मिठाइयों की दुकानों के साथ कपड़े और पिचकारी की भी दुकानें भी गुलजार नजर आई।
बुधवार से ही होली का अवकाश होने के कारण मंगलवार को ही सरकारी कार्यालयों होली की धूम रही। कर्मचारी दोपहर तक काम काज निपटाने के बाद होली के रंग में मस्त दिखे। हर कोई साथी कर्मचारियों को अबीर गुलाल लगा होली की शुभकामनाएं दे रहा था।
वहीं दूसरी ओर होली के पर्व को देखते हुए बाजारों में रौनक बढ़ गई। कपड़ों की दुकानों पर भीड़ नजर आई। लोग नए कपड़े खरीदने में मशगूल दिखे। मिठाइयों की दुकानों में रंग-बिरंगी मिठाइयां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। हर दुकान पर अन्य मिठाइयों के साथ ही गुझिया अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज करा रही है। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के नमकीन भी दुकानों में हैं। अबीर-गुलाल और पिचकारी की दुकानें भी सजी हुई हैं। इनमें केमिकल रहित रंग के साथ ही विभिन्न प्रकार के पिचकारी मौजूद है। बच्चे पिचकारी और अबीर-गुलाल की खरीद में मस्त दिखे।
कंपनी बाग स्थित एक मिष्ठान की दुकान के मालिक केशव गुप्ता कहते हैं कि होली के त्यौहार में सर्वाधिक डिमांड खोए वाले गुझिया की होती है। ऐसे में उन्होंने इस बार दुकान पर ही खोया तैयार कर गुझिया बनवाई है। इसके अलावा विभिन्न प्रकार की मिठाइयाें में काजू और बादाम मिश्रित हैं।
समाचार पत्र वितरक संघ का होली मिलन समारोह
बस्ती। प्रेेस क्लब में मंगलवार को समाचार पत्र वितरक संघ की ओर से होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के मंत्री बबुंदर यादव ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सत्येन्द्र नाथ मतवाला रहे। कहा कि होली बचपन में ही टोली बनाकर एक-दूसरे को रंग गुलाल, अब्बीर लगाकर होली मनाई जाती थी। आगे कहा कि होली न सिर्फ एक त्योहार है इससे आपसी भाई चारा का संदेश समाज के लोगों को मिलता है। काविता के माध्यम से उन्होंने होली मिलन समारोह की विशेषता बताई।
राम कृष्ण लाल जगमग ने इस अवसर पर कविता सुनाकर खूब हंसाया। इसी क्रम में संतोष पाल, राजकुमार यादव, आशुतोष मल्ल उर्फ निक्कू सहित ने अन्य सभी ने एक दूसरे का अब्बीर गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। इस अवसर वितरक संघ के अध्यक्ष जगराम यादव, महामंत्री कन्हैया लाल यादव, पत्रकार हरि प्रकाश चौहान व एसके सिंह, अजय, धर्मेंद्र यादव, अरविंद, राहुल और पवन दीना नाथ, ध्रुवचंद, शिवचंद, साहब राम, दुर्गेश, अमृतचंद, गुड्डू सिंह, अनूप उपाध्याय, राजमन, राजू शुक्ला, पारस नाथ मौर्या, राघवेन्द्र सिंह, सुभाष, राकेश गिरि सहित अन्य मौजूद रहे। संचालन सलीम बस्तबी अजीजी ने किया।