मेगा कैंप में उमड़ी भीड़, लगाई गई निशुल्क एहतियाती डोज
बस्ती। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत रविवार को जनपद के 250 स्वास्थ्य केंद्रों पर मेगा कैंप का आयोजन कर 18-59 आयु वर्ग के लोगों को कोविड टीके की मुफ्त एहतियाती डोज लगाई गई। इस आयु वर्ग को टीकाकरण की निशुल्क सुविधा 30 सितंबर तक मिलेगी। 59 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों को पहले से ही प्रीकॉशन डोज की निशुल्क सुविधा दी जा रही है।
कोविड टीके की दूसरी डोज लगने के छह माह बाद प्रीकॉशन डोज लगाई जा रही है। एएनएम ज्योति गुप्ता ने बताया कि 18 साल से ऊपर आयु वर्ग के जिन लोगों को दो डोज लग चुकी है, उन्हें प्रीकॉशन डोज लगाई जा रही है।
शहर में मुख्य आयोजन टाउन क्लब हाल में हुआ। यहां पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, नगर पालिका अध्यक्ष रूपम मिश्रा, सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, सीएमओ डॉ. एचडी अग्रवाल ने मेगा कैंप का शुभारंभ किया। यहां पर दो बूथ संचालित किए गए, दोनों बूथ पर लोगों का आना जाना लगा रहा।
डीएम प्रियंका निरंजन ने भी बूथ का निरीक्षण किया। एसीएमओ डॉ. एके गुप्ता, डॉ. सीएल कन्नौजिया, डॉ. जय सिंह, नोडल ऑफिसर नगरीय स्वास्थ्य डॉ. एके कुशवाहा, हरेंद्र मिश्रा, सचिन चौरसिया, सुधीर यादव सहित अन्य मौजूद रहे।
10 हजार को लगाई गई प्रीकॉशन डोज
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एके गुप्ता ने बताया कि मेगा कैंप के तहत जिले में 250 सत्रों का आयोजन किया गया। सभी जगह पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध कराई गई। देर शाम तक चले सत्रों में लगभग 10 हजार डोज टीके की लगाई गई। आशा कार्यकर्ता, एएनएम, आंगनबाड़ी सहित अन्य विभाग के लोगों ने लाभार्थियों को बूथ तक लाने में सहयोग प्रदान किया।
15 लाख को लगाई जानी है प्रीकॉशन डोज
सीएमओ डॉ. एचडी अग्रवाल ने बताया कि जिले में 18-59 आयु वर्ग के लगभग 15 लाख लोगों को 30 सितंबर तक निशुल्क प्रीकॉशन डोज की सुविधा प्रदान की जा रही है। एक लाख लोगों को टीका लगाया जा चुका है। अभी तक केवल निजी केंद्रों पर कीमत देकर यह सुविधा मिल रही थी। अब तक 43.12 लाख डोज टीका लगाया जा चुका है। टीका लगवाने के बाद भी कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें, भीड़-भाड़ में जाने से बचें। बुखार आदि की समस्या होने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें।