बभनान (बस्ती)।
यूपी-100 में तैनात आरक्षी की करतूत से खाकी की साख पर बट्टा लगा है। आशिक मिजाज आरक्षी दुस्साहस करते हुए माशूका से मिलने तैनाती स्थल से 30 किलोमीटर दूर जा पहुंचा। वह गौर थाना क्षेत्र की माशूका के घर में जैसे ही घुसा, गांववालों ने घेरकर पकड़ लिया। जी भरकर पिटाई करने के बाद वहां की यूपी-100 टीम के हवाले कर दिया। एसपी दिलीप कुमार ने बताया कि आरक्षी की तैनाती बदलकर उसके खिलाफ सीओ हर्रैया को जांच सौंप दी गई है।
मामला शुक्रवार की देर रात का है। जब वर्दी पहने एक आरक्षी बाइक से गौर-बभनान रोड पर स्थित कोटही माता मंदिर के स्थान पर पहुंचा। इधर-उधर देखकर उसने अपनी वर्दी उतारकर बाइक की डिकी में रख दिया। पैदल ही थोड़ी दूर जाकर गांव में माशूका के घर में जा घुसा। सिपाही की सारी करतूत वहां का एक व्यक्ति देख रहा था। तभी उसने गांव के किसी को पूरा वाकया बताया। जानकारी होते ही तमाम लोग उस घर के पास जुट गए। काफी देर तक इंतजार करने के बाद शोर मचाने लगे। तब वह जैसे ही बाहर आया तो ग्रामीणों ने पिटाई कर दी। इसके बाद यूपी-100 टीम के हवाले कर दिया। एसपी के निर्देश पर सीओ हर्रैया सतीश चंद्र शुक्ल मौके पर पहुुंचे और उससे पूछताछ की। पूछताछ में उसने दावत की बात बताई। सीओ बोले कि रिपोर्ट एसपी को भेजी जा रही है।