रुधौली थाना क्षेत्र के प्रेम कुमार चौधरी हत्याकांड में शामिल लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
- फोटो : रमेश मिश्र
बस्ती। रुधौली थाना क्षेत्र के सुरुआर कला गांव निवासी 25 वर्षीय प्रेम कुमार चौधरी की हत्या उसके अपनों ने ही कराई थी। उसकी भाभी ने साजिश रचकर अपने भाई से प्रेम को ठिकाने लगा दिया था। साजिश में शामिल प्रेम कुमार का भाई प्रेमचंद्र, भाभी रीता और भाई के साला अजय चौधरी पुत्र रामकेवल निवासी नगहरा थाना रुधौली तीनों को पुलिस गिरफ्तार कर लिया है।
शनिवार की दोपहर अपने कार्यालय में पत्रकारों के समक्ष प्रेम कुमार हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए एसपी कृपाशंकर सिंह ने बताया कि प्रेम कुमार के पिता सियाराम ने दो शादी की थी। एक पत्नी से प्रेमचंद्र चौधरी और दूसरी से प्रेम कुमार थे।
प्रेमचंद्र दिल्ली रहता था। ऐसे में उसके छोटे भाई प्रेमकुमार का नाजायज संबंध उसकी पत्नी रीता से हो गया। इतना ही नहीं, प्रेम कुमार और रीता ने प्रेमचंद्र को धोखे में रखकर कोर्ट मैरिज भी कर ली। मामले की जानकारी होने पर प्रेमचंद्र ने छोटे भाई प्रेमकुमार और पत्नी रीता से बात की। पत्नी रीता ने कहा कि प्रेम कुमार जबरन उससे संबंध बनाने की कोशिश करता है। इस संबंध को रीता खत्म करना चाहती थी। रीता ने अपने भाई अजय चौधरी को पूरी बात बताई और अपने देवर प्रेम कुमार की के हत्या की साजिश रची।
एसपी ने बताया कि हत्यारोपी रीता का भाई अजय चौधरी, रीता और उसका पति प्रेमचंद्र तीनों ने प्रेमकुमार को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। योजना के तहत प्रेम कुमार को साथ लेकर अजय पहले एक ढाबे पर गया। वहां दोनों ने जमकर बीयर पी। इसके बाद दोनों धंसा गांव की ओर जाने वाले सुनसान मार्ग पर गए। वहां अजय ने प्रेम कुमार को एक बोतल बीयर और पिलाई। प्रेम जब काफी नशे में हो गया तो अजय ने पीछे से लकड़ी के एक डंडे से उसके सिर पर तीन-चार बार वार कर हत्या कर दी। एसपी के अनुसार, घटना के बाद तीनों हत्यारोपी फरार हो गए। पत्रकारों से बातचीत के दौरान एएसपी रोहित मिश्र और सीओ रुधौली एसएन सिंह भी मौजूद रहे।