बस्ती। पुलिस ने चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस गिरोह के तीन अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। आरोप है कि पकड़े गए लोगों ने बस्ती समेत प्रदेश के 19 जिलों में चोरी की 45 घटनाओं को अंजाम देेने की बात स्वीकार की है।
एसपी पंकज कुमार ने शुक्रवार को पुलिस लाइंस कांफ्रेंस हाल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि दिसंबर 2018 से लेकर पांच अप्रैल के बीच चोरी की ताबड़तोड़ 11 घटनाएं होने से इन मामलों में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए स्वॉट टीम को लगाया गया। इस बीच मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक हर्रैया अनिल कुमार दुबे व स्वॉट प्रभारी विक्रम सिंह ने हर्रैया के पास मुठभेड़ के दौरान कार व बाइक लेकर जा रहे गिरोह के तीन सदस्यों को धर दबोचा। पकड़े गए लोगों में राम गोपाल शुक्ला निवासी छपिया शुक्ल हर्रैया ऋणमोचन घाट मुग़लपुरा अयोध्या, अम्बर निवासी मोरवनपुर थाना धौरहरा जनपद लखीमपुर खीरी और राजू पाल निवासी खैरीघाट जनपद बहराइच शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पूछताछ में लखीमपुर जिले के थाना ईशानगर व धौरहरा के तीन अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। पकड़े गए लोगों के पास से दो 315 बोर तमंचा, सवा किलो विभिन्न धातुओं के जेवरात, दो मोबाइल, एक कार व बिना नंबर की बाइक बरामद हुई है। गिरोह ने बस्ती में 13, प्रयागराज में पांच, आंबेडकरनगर में एक, बराबंकी में एक, चित्रकूट में एक, फैजाबाद में चार, गोंडा में तीन, जौनपुर में तीन, मिर्जापुर में तीन, रविदास नगर में एक, संतकबीरनगर में एक, सीतापुर में चार, सुल्तानपुर में एक, सिद्धार्थनगर में एक, बहराइच में दो, लखीमपुर खीरी में तीन, बलरामपुर में एक, लखनऊ में एक, श्रावस्ती में एक सहित चोरी की कुल 45 घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।गिरोह ने बस्ती में छह दिसंबर 2018 को सरसण्डा थाना छावनी, 10 फरवरी को हर्रैया के नरायनपुर तिवारी 15 फरवरी को बडहरकला हर्रैया, 10 मार्च को हर्रैया के नदाये, 17 मार्च को सोनबरसा थाना परशुरामपुर, 20 मार्च को इमिलिया थाना पैकोलिया, 31 मार्च को रौना कला, पहली अप्रैल को बसडिलीया थाना वाल्टरगंज, चार अप्रैल को वार्ड छह लक्ष्मीबाई नगर बभनान, पांच अप्रैल को पचवस, पांच अप्रैल को ही नगर बाजार के कटरुआ दल थम्हन में हुई चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल की है। 28 जनवरी को अांबेडकर नगर में प्राथमिक विद्यालय व सैदभीतर खंडवा से विद्युत मोटर चोरी की बात भी स्वीकार किया है।