मुन्डेरवा थाना क्षेत्र के कबरा गांव मे सोमवार की देर रात फिर एक घर को चोरो ने खंगाला। घर से लाखों रुपये के जेवर और 50 हजार रुपये नगदी चोरी हो गए। मुंडेरवा थाना क्षेत्र मे चोरो का गिरोह सक्रिय है। 28 अगस्त को रामपुर रेवटी गांव में दो घरों में चोरी की वारदात हुई। सोमवार की रात में कबरा गांव के रिटायर अध्यापक रमाकर वर्मा पुत्र बलई अपने मकान के बाहर लान में सोए थे। एक लड़का जनार्दन खेत में पानी चला रहा था। बहू शकुंतला छत पर सोई हुई थी।
सुबह जब शकुंतला ने नीचे उतरने लिए सीढ़ी पर लगे फाटक को धक्का दिया तो देखा कि फाटक अंदर से बंद है। जैसे तैसे नीचे आकर देखा तो कमरे का ताला टूटा पडा है और कमरे में सामान बिखरा पड़ा है। आलमारी और बक्से के लाक भी टूटे पड़े है। जनार्दन ने बताया कि चांदी का सिक्का, हार, अंगूठी, सोने का चेन, मांग टीका आदि गायब है। लाखों रुपये के जेवर और 50 हजार नगदी चोर उठा ले गए। सूचना पाकर सीओ रुधौली और थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और घटना के संबध में जानकारी ली।