संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र के पिपरा प्रथम गांव में बुधवार सुबह एक घर में हाईटेंशन करंट उतर आया। जिससे पिता-पुत्र गंभीर रूप से झुलस गए। इस घटना में अरविंद सिंह (55) की मौत हो गई, जबकि उनके पिता को गंभीर हालत में पहले स्थानीय अस्पताल फिर बस्ती के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार दुधारा क्षेत्र के पिपरा प्रथम गांव के एक घर में हाईटेंशन करंट आ गया। इसी दौरान अरविंद सिंह (55) सो कर उठे। जैसे ही उनका हाथ दीवार पर लगा और वे करंट की चपेट में आ गए। चीख सुनकर चीख सुनकर उनके पिता राजमणि सिंह(70) वहां पहुंचे और बेटे को छुड़ाने की कोशिश में वे भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। आनन-फानन में दोनों को सीएचसी रुधौली पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अरविंद सिंह की मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर हालत में राजमणि सिंह को बस्ती जिला अस्पताल में रेफर कर दिया गया। रुधौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं सुबह सबेरे हुई इस घटना से घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।