आश्रम पद्धति विद्यालय भानपुर के कक्षा दस के छात्रों ने सोमवार रात एक अन्य छात्र की जमकर पिटाई कर दी। पिटाई से दुखी छात्र ने विद्यालय की तीसरी मंजिल से कूदकर जान देने की कोशिश की। घटना की जानकारी पर मंगलवार सुबह विद्यालय पहुंचे पीड़ित छात्र भीम सेन के पिता बजरंग शुक्ल ने प्रधानाचार्य अवधराज यादव से शिकायत दर्ज कराई और पूरी व्यवस्था को कटघरे में खड़ा किया।
विद्यालय के मुताबिक कक्षा दस के छात्र भीम सेन शुक्ल निवासी बनतला थाना वाल्टरगंज को साथ रहने वाले कुछ छात्रों ने कहासुनी पर उनके कमरे में बेड पर पटक दिया और मारा पीटा। इससे परेशान छात्र भीम सेन ने विद्यालय की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की। भीम सेन के विद्यालय की तीसरी मंजिल पर जाने के बारे में जब अन्य छात्रों को पता चला तो वे वहां पहुंच गए और उसे पकड़कर नीचे ले आए व मामला शान्त कराया। प्रधानाचार्य अवधराज यादव ने घटना को गंभीरता से लेते हुए मारपीट करने वाले छात्रों से माफीनामा लेकर आगे से ऐसा न करने की कड़ी चेतावनी दी है। छात्र को उसके घर भेज दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक घटना के समय विद्यालय में गार्ड को छोड़कर तीन दिन की छुट्टी के नाते कोई भी जिम्मेदार मौजूद नहीं था। छात्र के पिता बजरंग शुक्ल ने बुधवार को इस मामले की शिकायत डीएम व जिला समाज कल्याण अधिकारी से करने को कहा है।