बस्ती। जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्र की अगुवाई में आबकारी निरीक्षक आशुतोष कुमार उपाध्याय, अजय सिंह की टीम ने छावनी थाना क्षेत्र में हाइवे से मैजिक वाहन में 420 लीटर रेक्टीफाइड स्प्रिट बरामद किया है। इसके अलावा देसी शराब बंटी बबली की 33 खाली शीशी, 69 ढक्कन, 281 नकली होलोग्राम भी गाड़ी में मिला। मौके पर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।
जिला आबकारी अधिकारी की अगुवाई में आबकारी विभाग की टीम को सोमवार की रात में हाइवे पर छावनी थाना क्षेत्र में एक वाहन को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई तो उसमें सात छोटे ड्रम में 420 लीटर रेक्टीफाइड स्प्रिट मिला। प्रत्येक छोटे ड्रम में 60 लीटर रेक्टीफाइड स्प्रिट था। मौके पर गाड़ी में दो लोग पकड़े गए। इनमें चिर्री पुत्र जिगन, रामसुरेश पुत्र शिवराम वर्मा निवासी डूहा मिश्र थाना छावनी को गिरफ्तार किया गया।
उनके विरुद्ध छावनी थाने में धोखाधड़ी, कूट रचना, अपमिश्रण आदि की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। इस कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम में सिपाही बृजेश कुमार वर्मा, सूर्यभान, अमित श्रीवास्तव, शैलेश कुमार उपाध्याय, सुभाष चंद्र पांडेय और शिव कुमार वर्मा के अलावा छावनी के एसओ अनिल सिंह मय स्टाफ शामिल थे।