बस्ती। कप्तानगंज पुलिस ने चार पहिया वाहन में लाद कर ले जाई जा रही दो गत्ता नकली शराब बरामद की है। इस मामले में वाहन चालक समेत दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।कप्तानगंज थाना क्षेत्र में कच्ची शराब के धंधे के साथ ही नकली को असली शराब बनाकर बेचने का भी कारोबार फल फूल रहा है। तमाम प्रयास के बाद भी पुलिस इस गोरखधंधे पर अंकुश नहीं लगा पा रही है।
शनिवार की रात पुलिस ने थाना क्षेत्र के पिकौरा सानी गांव के पास एक चार पहिया वाहन को रोक कर तलाशी ली तो उसमें दो गत्ता देशी शराब मिली। इनमें कुल 90 शीशियां थीं। इन शीशियों पर ‘झूम’ शराब के रैपर चिकाए गए थे। पुलिस ने जब इन शीशियों पर लगे रैपर को ध्यान से देखा तो पता चला कि ये नकली रैपर हैं। पुलिस ने नकली शराब के साथ ही दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गाड़ी भी कब्जे में लेकर थाने में खड़ी कर दी गई है। पकड़े गए लोगों में कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बिहरा गांव निवासी रणवीर राम पुत्र सत्यप्रकाश और मटिहनिया निवासी चंद्रशेखर चौधरी पुत्र रामगोपाल चौधरी शामिल है। मामले की विवेचना एसआई यशवंत को सौंपी गई है।
कप्तानगंज एसओ बृजेश यादव ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्घ धोखाधड़ी, कूट रचना व आबकारी अधिनियम की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। होली के मद्देनजर क्षेत्र में पुलिस लगातार गश्त कर रही है। जहां भी अवैध शराब निर्माण या फिर बिक्री की शिकायत मिल रही है, पुलिस छापेमारी की कार्रवाई कर रही है।