बस्ती। खेत मजदूर यूनियन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कटेश्वरपार्क से जिलाधिकारी कार्यालय तक 13 सूत्रीय मांगों को लेकर जुलूस निकाला और जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।
यहां पर वक्ताओं ने कहा कि मनरेगा में 300 दिन का काम दिया जाए और कार्य न होने पर उन्हें बेकारी भत्ता मिले। कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार ने गरीबों को नि:शुल्क गैस कनेक्शन और शून्य बैलेन्स के खाते पर 15 लाख रूपया देने का आश्वासन दिया था मगर दोनों योजनाएं जमीनी धरातल पर विफल है। कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार पेट्रो उत्पादों की कीमत बढाकर मंहगाई बढा रही है।
गरीबों के कल्याण की योजनाएं पात्रों तक नहीं पहुंच पा रही है। जिलाधिकारी कार्यालय पर सीटू नेता कामरेड केके तिवारी, खेमयू जिलाध्यक्ष रामरतन, नरसिंह भारद्वाज, रामअचल, गुरूप्रसाद, रामकरन आदि ने सम्बोधित करते हुए कहा कि गरीबों, श्रमिकोें की स्थिति दयनीय होती जा रही है। मनरेगा श्रमिकों का मजदूरी भुगतान लंबित है। इण्डिया मार्का हैंड पम्प खराब पड़े हैं और कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस मौके पर उदयराज यादव, रामअचल, मुन्नी देवी, रामकरन, रामविलास, रामफल, इसलावती देवी, सरोजा, महेश, रामरक्षा, हरिश्चन्द्र, कंचना देवी, धनिया, सुभावती, मुनक्का आदि थीं।