हर्रैया थाने के भरगवा तिवारी में हिस्ट्रीशीटर के घर दबिश देने पहुंची पुलिस के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस टीम पर हमलावर होते हुए वारंटी व उसके साथ हंगामा करने वाले मौके से भाग निकले। थानाध्यक्ष केडी सिंह ने बताया कि थाने के भरगवा तिवारी निवासी रामखुशी तिवारी हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी था। जब टीम धरपकड़ के लिए पहुंची तो आक्रामक होकर पुलिस टीम से भिड़ गया। इस दौरान अंधेरा का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला।
हर्रैया थाने में थानाध्यक्ष केडी सिंह की तहरीर पर भगरवा निवासी वांरटी रामखुशी तिवारी, उसके भाई सुधाकर और संतोष पुत्र अज्ञात के खिलाफ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने, 7 क्रिमनल लॉ एक्ट व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर रामखुशी तिवारी के खिलाफ लूट, छिनैती समेत गंभीर धाराओं में करीब आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि शातिर रामखुशी जिसके खिलाफ वारंट भी जारी है, वह अपने घर पर मौजूद है। रात करीब 11.35 पर एसओ की टीम ने गांव में दबिश दी तो आरोपी रामखुशी व अन्य पुलिस टीम से ही भिड़ गए। विवाद बढ़ता देख थानाध्यक्ष ने फोर्स के लिए सूचना थाने पर दी, लेकिन इस बीच सभी आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। पुलिस फरार आरोपितों की धर पकड़ का प्रयास कर रही है। घटना की जांच थाने के एसआई विजय कुमार यादव को सौंपी गई है।