महराजगंज। कप्तानगंज ब्लाक के तिलकपुर गांव के प्रधान सेतुराम की अगुवाई में ग्रामीणों ने राशन न मिलने और गांव में खुली बैठक न होने के विरोध में ब्लाक मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। ब्लाक के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने समस्याओं का ज्ञापन एडीओ पंचायत को सौंपा।
गुरुवार को दिन में तीन बजे तिलकपुर गांव के प्रधान सेतुराम, भाजपा नेता सुखराम गौड़ की अगुवाई में गांव वाले ब्लाक मुख्यालय पर पहुंचे। ग्राम विकास अधिकारी और बीडीओ के खिलाफ जमकर नारे बाजी शुरू कर दी। ग्रामीणों का कहना था कि गांव में दो महीने से राशन और मिट्टी का तेल नहीं बंटा और न ही ग्राम पंचायत में खुली बैठक हुई। इससे विकास कार्यों के बारे में जानकारी नहीं हो पा रही है।
ग्रामीणों ने बीडीओ और ग्राम विकास अधिकारी पर कई गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना था कि ब्लाक के अधिकारियों की लापरवाही के चलते कोटेदार राशन का वितरण नहीं करता है और ब्लाक मुख्यालय से ही कोटे का सत्यापन हो जाता है। इसकी शिकायत कई बार बीडीओ से की गई।
इसके बाद भी गांव में राशन नहीं बंटा। ग्रामीणों ने समस्याओं का ज्ञापन एडीओ पंचायत घनश्याम मिश्रा को सौंपा। इस मौके पर मुन्नी लाल मिश्र, प्रेम नरायन मिश्र, राम प्यारे, परशुराम, जवाहिर लाल, राम अशीष, विनोद कुमार, दिनेश चंद्र मिश्रा, प्रदीप मिश्र, शीला शुक्ला, नीलम मिश्रा, कबूतरा देवी, सुनीता, इंद्रावती, शकुंतला देवी, सुमित्रा देवी, इस्लावती देवी आदि मौजूद रहे।