बस्ती। रुधौली थाने के तीन गांवों में हुई डकैती की घटना का अब तक खुलासा न
होने से नाराज लोगों ने भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय चौधरी के नेतृत्व में
शुक्रवार को हनुमानगंज-रुधौली मार्ग के छितही पड़ाव पर सड़क जाम कर
प्रदर्शन किया। प्रशासन को चेतावनी दी गई कि अगर घटना का जल्द खुलासा नहीं
हुआ तो बड़े पैमाने पर आंदोलन छेड़ा जाएगा। हनुमानगंज-रुधौली मार्ग पर
घंटेभर आवागमन बाधित रहा।
सड़क जाम कर रहे लोगों को संबोधित करते
हुए जिला उपाध्यक्ष ने कहा कि जिले में अपराधी बेलगाम हो गए हैं। रुधौली और
भानपुर क्षेत्र में एक तरफ जहां किसानों को उनकी फसल का उचित मुआवजा नहीं
दिया जा रहा है, वहीं चीनी मिलों के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान न करने से
लोग भुखमरी के कगार पर हैं।
इसके साथ ही अपराधियों पर अंकुश लगाने
में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। इसका प्रमाण रुधौली थाना क्षेत्र के
रुद्रनगर, बनगंवा और कैड़िहवा में हुई डकैती की घटना का अब तक खुलासा न
होना है। इससे लोग दहशत के साए में जी रहे हैं। रात हो या दिन, लोग घर से
बाहर निकलने में डर रहे हैं।
संजय चौधरी ने कहा कि वे डीआईजी से
मिलकर मामले के जल्द खुलासे की मांग करेंगे। साथ ही सड़क पर उतर कर पुलिस
और प्रशासनिक निष्क्रियता का भी प्रतिकार करेंगे। उन्होने क्षेत्र में
रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की।
सड़क जाम कर विरोध जताने वालों में
वरिष्ठ भाजपा नेता विजय पाल सिंह, श्याम सुंदर भट्ठ, उमाशंकर, लारा उर्फ
जीवन चौधरी, श्रीराम चौधरी, संतराम चौधरी, रुप चौधरी, रामदेव, अब्दुल वहीद,
दुर्गा प्रसाद, सुनील गुप्ता, रामदरश चौधरी, रामशब्द चौधरी, ज्वाला
प्रसाद, रामउजागिर, अनिरुद्ध प्रसाद, सियाराम मौर्य, गुड्डू पांडेय, मोहर
चौधरी आदि शामिल रहे।