जिला अस्पताल चौराहे से दक्षिण दरवाजा मार्ग पर स्थित शिक्षक दंपति के घर से दिन दहाड़े लाखों की चोरी हो गई। बाउंड्री कूद कर अंदर घुसे चोरों ने करीब डेढ़ लाख के जेवर और 65 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया।
शुक्रवार दिन में करीब 10 से चार बजे के बीच उस समय घटना को अंजाम दिया गया जब पति-पत्नी पढ़ाने और बेटियां पढ़ने गई थीं। खबर मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जहां से फिंगर प्रिंट और अन्य साक्ष्य एकत्र किया। पुलिस का दावा है कि कुछ क्लू मिले हैं, जिससे उम्मीद है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
संस्कृत पाठशाला सुर्तीहट्टा में शिक्षक जगदंबिका प्रसाद जनपद सिद्धार्थनगर के बांसी थानाक्षेत्र के साड़ी कला के मूल निवासी हैं। उनकी पत्नी श्रद्धा देवी केडी आदर्श बालिका विद्यालय पुरानी बस्ती में शिक्षिका हैं। जो दक्षिण दरवाजा के पास स्थित नूर हास्पिटल के सामने गली में मकान बनवाकर दो बेटियों के साथ रहते हैं। शुक्रवार की सुबह करीब दस बजे बच्चों के साथ पति-पत्नी भी स्कूल के लिए रवाना हो गए। दोपहर करीब तीन बजे छोटी बेटी घर पहुंचकर बाहर गेट पर लगा ताला खोला तो देखा कि गेट अंदर से बंद है। किसी तरह वह अंदर गई तो कमरों के ताले टूटे मिले। बिस्तर व फर्श पर तमाम सामान बिखरा पड़ा देख वह सहम गई और रोने लगी। इसी बीच उनके एक रिश्तेदार भी पहुंच गए। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों को घटना की जानकारी दी गई। जगदंबिका प्रसाद ने बताया कि उन्हें लगता है कि चोर सुबह दस बजे से तीन बजे के बीच ही वारदात को अंजाम दिया। घर से चोरी बक्से व कुछ अन्य सामान घर के पीछे बाउंड्री के बाहर फेंका मिला है।