जिले की स्वाट टीम के हत्थे डुमरियागंज रोड पर बैड़वापुल के पास एक अंतर्राज्जीय मोबाइल लिफ्टर चढ़ गया। वह रेलवे स्टेशनों और ट्रेन के एसी कोच में घूमकर महंगे मोबाइल चोरी करता है। वह सबसे ज्यादा दिल्ली मेट्रो में चुराए मोबाइल लाकर बेचता है। उसके पास से ऐसे 15 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। दिल्ली के गफ्फार मार्केट, करोल बाग, खान मार्केट में चोरी के मोबाइल की ईएमआई बदलवा देता था। ताकि सर्विलांस सिस्टम उसे ट्रैक न कर सके।
मंगलवार को स्वाट टीम के प्रभारी सुधीर कुमार सिंह एसआई हरिकेश भारती, मनोज कुमार राय, अभिमन्यु सिंह, आदित्य पांडेय, छोटेलाल, अरविंद यादव, सदानंद, अरुणेश ने सोनहा थाने के बैड़वापुल के पास अभियुक्त राम गोपाल यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि वह 20 हजार से 40-45 हजार तक के ऐसे मोबाइल लाकर वह यहां चार-पांच हजार में नए लड़कों को बेच देता है। ये उसी मोबाइल के जरिए न केवल महिलाओं और छात्राओं को मैसेज-कॉल करके तंग करते हैं, बल्कि लूट-छिनैती भी करते हैं। एक बाइक भी बरामद की गई है।