भानपुर मे बिजली के पोल से गिर कर घायल प्रेम कुमार।
- फोटो : अमर उजाला
भानपुर। गांव की बिजली ठीक करने के लिए शट डाउन कराकर फ्यूज बांध रहा मिस्त्री अचानक दौड़े करंट की चपेट में आ गया। पोल से जमीन पर गिरने से गंभीर रूप से झुलस गया।
शुक्रवार सुबह असनहरा फीडर के मझारी गांव के सिवान में सरकारी ट्यूबवेल के पास फ्यूज बांधने के लिए प्राइवेट लाइनमैन धौरहरी निवासी प्रेम कुमार पोल पर चढ़े थे। शट डाउन के कारण फ्यूज ठीक करने के दौरान अचानक बिजली आ गई। करंट के झटके से नीचे गिरने पर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा सुबह सात से आठ बजे के बीच हुआ। आनन- फानन लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भानपुर ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार हुआ। बिजली के झटके से प्रेम कुमार के हाथ,पैर और सीने में चोटे आई हैं। प्रेम कुमार ने बताया कि वह संविदाकर्मी चिन्कू के अडंर में काम करता है। सुबह शटडाउन लेकर फ्यूज बांधने पोल पर चढ़ा था लेकिन अचानक बिजली आ गई। प्राइवेट लाइन मैन को शटडाउन देने के बाबत उपकेंद्र भानपुर के अवर अभियंता विवेक सिंह ने घटना से अनभिज्ञता जताई।