वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के डमरूजंगल के पास युवती का शव मिलने पर लगी लोगो की भीड़।
गनेशपुर चौकी क्षेत्र के सिकटा के पास स्थित डमरुआ जंगल में करीब 24 वर्षीय युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। युवती के चेहरे के बाएं हिस्से पर किसी धारदार हथियार से वार किया गया था जिससे आधा हिस्सा विकृत हो गया। जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी। जींस-टॉप और स्वेटर पहनी युवती के शव के पास एक लॉकेट मिला है, जिस पर भगवान बुद्ध की आकृति बनी बताई जा रही है। वह लाकेट मारने वाले का है या मृतका का, यह स्पष्ट नहीं है।
बॉडी की हालत देखकर रेप की आशंका जताई गई है। प्रथम दृष्ट्या पुलिस जांच में इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। प्रभारी एसपी रोहित मिश्र, सीओ एसएन सिंह के अलावा मुकामी थाने के एसओ रामआशीष यादव और पुरानी बस्ती एसओ सुधीर कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक यूनिट के संजय सिंह भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मौजूद कई साक्ष्य सुरक्षित किया।
वाल्टरगंज प्रतिनिधि के अनुसार गनेशपुर चौकी के अन्तर्गत डमरुआ जंगल में शव देखकर ग्रामीणों ने सौ नंबर पर सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस व आसपास गांव के लोग जुट गए। शव की हालत देख लोग कई तरह के कयास लगाने लगे। लेकिन पुख्ता तौर पर यह नहीं स्पष्ट हो सका कि उसकी हत्या क्यों और कैसे की गई होगी। शव के पास शराब व पानी की बोतल और प्लास्टिक का एक गिलास मिला। पुलिस के अनुसार जिस जगह शव मिला है वहां से कुछ दूरी पर काफी खून गिरा था। वहां से शव घसीटकर झाड़ी में छिपा दिया गया था। प्रभारी एसपी ने बताया कि आबादी से काफी दूर जंगल में कोई अनायास नहीं जा सकता है। इसलिए हत्या करने वाला युवती का परिचित रहा होगा। शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।