जनपद कारागार में तैनात बंदी रक्षक पर शनिवार को एक युवक ने हमला कर दिया। बंदी रक्षक उस समय गांधीनगर में सामान खरीदने गया था। उसने भागकर किसी तरह खुद को बचाया। बाद में जेलर की अनुमति से थाने में तहरीर दी, जिस पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
बंदी रक्षक संदीप पांडेय ने बताया कि वह शनिवार को गांधीनगर पक्के बाजार स्थित मछली मंडी के पास सामान खरीदने गए थे। शाम करीब पौने सात बजे वहा पर शिव नगर तुरकहिया निवासी शेरू नाम का युवक पहुंचा। पुरानी रंजिश को लेकर उसने बंदी रक्षक को गाली देने लगा। उसने टोका तो बात हाथापाई तक पहुंच गई। बताया जा रहा है कि युवक ने बंदी रक्षक पर ईंट फेंककर मारा। जेलर बीके मिश्र के अनुसार बंदी रक्षक ने उन्हें सूचना दी कि शेरू नाम के एक युवक ने उसके ऊपर हमला कर दिया। बकौल जेलर उक्त युवक कुछ दिन पहले जेल गया था। हो सकता है कि उसी दौरान बंदी रक्षक से अनबन हुई हो। पुलिस इसकी छानबीन कर रही है।