ससुराल में कुछ घंटे ही गुजारने के बाद नव-विवाहिता दहलीज को ठोकर मारकर मायके पहुंच गई। शुक्रवार को उसे मनाने ससुराल के लोग मायके तक पहुंचे लेकिन उसने वहां भी हंगामा करना शुरू कर दिया। सौ नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को लेकर थाने पहुंची। एसओ श्रीनाथ यादव ने बताया कि वैवाहिक मामले में पुलिस ज्यादा दखलंदाजी नहीं करना चाहती है। आपस में इनकी बातचीत चल रही है, यदि कोई रास्ता नहीं निकला तो अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र के एक कस्बे की की रहने वाली युवती का पड़ोस में रहने वाले युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिवार वालों को इसकी भनक मिली तो उसकी शादी तय कर दी। बीते 22 नवंबर को शादी के बाद 23 को लड़की ससुराल पहुंची। उसने पहुंचते ही हंगामा खड़ा कर दिया। वह कहने लगी कि उसे जबरदस्ती यहां लाया गया है। वह घर के बगल में रहने वाले प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ गई। कुछ दूरी पर ही स्थित मायके पहुंच गई। ससुराल के लोग लोक लाज और इस असहज स्थिति से सकते में आ गए। कहीं, पुलिस उन्हें प्रताड़ित न करे, इसलिए वे अंतिम समय तक सुलह की कोशिश कर रहे हैं। थाने में बहू को घर ले जाने के प्रयास में हैं। एसपी संकल्प शर्मा का कहना है कि उनके संज्ञान में प्रकरण आया है। उचित कार्रवाई की जा रही है।