नगर थाना क्षेत्र के ग्राम करहली में सौंदर्य प्रसाधन की दुकान से शराब बेचने का धंधा चल रहा था। एसएसटी (एसपीज स्पेशल टीम) और नगर पुलिस ने छापामार कर 1035 शीशी देसी शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मुखबिर की सूचना पर रविवार सुबह एसएसटी और नगर पुलिस की टीम करहली स्थित सौन्दर्य प्रसाधन की दुकान में जा धमकी। पुलिस के मुताबिक चौराहे पर स्थित सरकारी शराब की दुकान के बगल में ही सौन्दर्य प्रसाधन की दुकान है। इसमें से अवैध रूप से देशी शराब बेची जा रही थी। एसएसटी प्रभारी विजय कुमार गौतम, कांस्टेबल राघवेंद्र दुबे, अभिषेक तिवारी, बुद्धेश कुमार व नगर थाने के एसआई वीरेंद्र यादव व तेज प्रताप सिंह को साथ लेकर टीम ने छापेमारी की तो दुकान में बैठे दयानंद चौहान और राम किशन हड़बड़ाहट में आ गए। पुलिस ने तत्काल दोनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उन लोगों ने बताया कि दुकान में 23 पेटी देशी शराब रखी है। इसमें 1035 शीशी है। पुलिस को दुकान के अंदर से दो मोबाइल और 2020 रुपये भी मिले। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।