बस्ती। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के तेलियाडीहा गांव के रहने वाले सुरक्षा गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में सोमवार की रात गुड़गांव में मौत हो गई। खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। तेलियाडीहा गांव के 40 वर्षीय राम प्रताप पुत्र बुधई चार माह पहले घर से नौकरी करने गुड़गांव गए थे।
परिवार के लोगों के मुताबिक, उनकी ससुराल के एक रिश्तेदार ने गुड़गांव में प्राइवेट सुरक्षा गार्ड की नौकरी लगवा दी थी। सोमवार की रात 9 बजे उनकी पत्नी सीता देवी के मोबाइल पर गुड़गांव से फोन आया कि उनके पति राम प्रताप की मौत हो गई है। पत्नी ने घटना की जानकारी परिवार के अन्य लोगों को दी। रात ही में परिवार के लोग रामप्रताप का शव लेने के लिए गुड़गांव के लिए रवाना हो गए। मंगलवार को उसका शव घर आया तो परिवार के लोग शव से लिपटकर रोने लगे। उसके परिवार में पत्नी और चार बच्चे हैं। वह इकलौता कमाऊ सदस्य था। मौत को लेकर गांव में कई चर्चा है।