हादसे के बाद क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलें।
- फोटो : amar ujala
मानिकचंद। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के बस्ती-बांसी मार्ग के पड़िया चौराहे के सरयू नहर खंड चार के पुल के पास दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दूसरी बाइक पर सवार देवर-भाभी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
सोमवार को सिद्धार्थनगर के बांसी कोतवाली थाना क्षेत्र के साड़ी कला के 33 वर्षीय रामनरेश पुत्र रामलखन चौधरी दुकान का सामान लाने बाइक से बस्ती शहर गए थे। दोपहर करीब पौने एक बजे वापसी में रुधौली जा रहे थे। पड़िया चौराहे के सरयू नहर खंड चार के पुल के पास विपरीत दिशा से वाल्टरगंज क्षेत्र के सिहबरा निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद सहबान पुत्र नूर मोहम्मद अपनी भाभी हाजरा खातून (35) पत्नी इरफान अहमद बाइक से आ रहे थे। अचानक आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। रामनरेश चौधरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दूसरी बाइक पर सवार देवर-भाभी गंभीर रूप से घायल हो गए। सहबान का दायां पैर टूट गया तो हाजरा खातून के सिर, सीने, जीभ, चेहरे में गंभीर चोटें लगीं। मौके पर पहुंचे चौराहे के लोगों ने अर्द्धविक्षिप्त हो चुकीं हाजरा को दूसरे स्थान पर बैठा कर पुलिस और एंबुलेंस को घटना की सूचना दी।
टक्कर इतनी भयंकर थी हेेलमेट लगाने के बावजूद सड़क पर गिरे रामनरेश ने थोड़ी ही देर में दम तोड़ दिया। दोनों बाइकों की अगला शॅाकर, पहिया, हेडलाइट चकनाचूर हो गई। बगैर हेलमेट बाइक चला रहे सहबान छटकर सड़क किनारे के झाड़ियों में गिरा जबकि हाजरा सड़क पर ही तड़पने लगी। कुछ ही समय में वाल्टरगंज के एसआई धर्मेंद्र कुमार प्रजापति व उमेश यादव पहुंच गए।108 एंबुलेंस की मदद से तत्काल जिला अस्पताल भेजवाया। सड़क पर वाहनों से जाम को खाली कराकर आवागमन बहाल कराया। दोनों के परिजनों को पुलिस ने हादसे की जानकारी दी और हालत गंभीर बताकर जिला अस्पताल पहुंचने को कहा। रामनरेश की रुधौली कस्बे में इलेक्ट्रानिक की दुकान है। खुद रेडियो मैकेनिक का काम करते थे। पिता रामलखन चौधरी रुधौली के पुरानी तहसील गेट पर पान की दुकान लगाते हैं।
बाइक को बचाने में बेकाबू होकर पलटा डंपर
नगर बाजार। फोरलेन स्थित बसहवा के पास गिट्टी लदा डंपर बाइक चालक को बचाने में अनियंत्रित हो गया। जिसके बाद सड़क किनारे जाकर पलट गया। चालक ने चलती गाड़ी से कूदकर जान बचाई लेकिन चोटहिल हो गया।
हादसा सोमवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। संतकबीरनगर के भुजैनी निवासी डंपर चालक कांशीराम ने बताया कि बस्ती के भटोलवा के पास सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। वहीं के लिए मकबूलगंज से गिट्टी लादकर ले जा रहा था। अभी नगर थाना क्षेत्र के बसहवा के पास पहुंचा ही था कि बाइक चालक डंपर के सामने पड़ गया। उसे बचाने के चक्कर में स्टीयरिंग से नियंत्रण हट गया। इससे बेकाबू हुआ डंपर सड़क के किनारे पलटने लगा। अनियंत्रित होते देखकर डंपर से कूदकर जान बचाई है। आसपास के लोग स्थानीय चिकित्सक से इलाज कराए। सूचना पर ठेकेदार की ओर से क्रेन मंगाया गया, जिसके बाद डंपर को सीधाकर बाहर निकाला गया है। बाइक चालक मौके से भाग निकला।