हाइवे से सटे हरदिया चौराहे पर स्थित एक बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान में बदमाशों ने बंधक बनाकर लूटपाट किया। कार में सवार होकर आए बदमाशों ने पिटाई करके पहले गल्ले में रखे रुपये लूटा और फिर ऊपर तल पर रह रहे परिवार वालों को बंधक बनाकर लूटपाट किया।
कोतवाली थानाक्षेत्र के हरदिया चौराहे पर स्थित राघवेन्द्र त्रिपाठी की बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान है। प्रथमतल पर आवास बनाकर वह परिवार के साथ रह रहे हैं। देर रात कार में सवार होकर चार लोग दुकान पर पहुंचे। उनमें से दो ने शटर अंदर से बंद कर लिया और डण्डे से पीटने लगे। दुकान का गल्ला लूटने के बाद बदमाश उनके आवास पर पहुंचे जहां परिवार वालों को बंधक बनाकर लूटपाट की। बाद में वे सभी कार से फरार हो गए। सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
सीओ सिटी एसएन सिंह, प्रभारी कोतवाल रोहित प्रसाद, चौकी इंचार्ज कटरा बांकेलाल मौके पर पहुंच गए। सीओ सिटी ने बताया कि क्लू मिल गया है,जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।