वारदात की जांच करने पहुंची पुलिस
- फोटो : amar ujala
बस्ती। पुलिस से लुका-छिपी खेल रहे बदमाशों और आरोपियों पर बीते 72 घंटे भारी पड़े। बस्ती रेंज की पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश देकर 1072 ऐसे लोगों गिरफ्तार कर लिया। इनमें 85 तो हत्या, लूट, बलात्कार जैसी जघन्य घटनाओं के आरोपी हैं। जबकि समाज के लिए नासूर साबित हो रहे नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले भी पकड़े गए। आईजी मोहित अग्रवाल के आदेश पर चलाए गए इस अभियान में बस्ती जिला अव्वल रहा। बस्ती पुलिस ने 735 लोगों को गिरफ्तार किया है।
सोमवार को डीआईजी लक्ष्मी नारायण ने बताया कि पिछले दिनों निरीक्षण पर आए आईजी ने तत्परता परखने के लिए बस्ती समेत रेंज के तीनों जनपदों में अपराधियों के खिलाफ 72 घंटे अभियान चलाने का आदेश दिया। रविवार देर शाम तक चले इस विशेष अभियान में तीन दिन के भीतर शांति भंग की आशंका के तहत 356 लोग पकड़े गए। जबकि 542 के खिलाफ हत्या, दहेज हत्या, नाबालिग किशोरी अथवा युवती के अपहरण के मुकदमे दर्ज थे। इनमें बस्ती जिले में 735 कार्रवाइयां हुईं, जबकि एनबीडब्लू में 69 लोग पकड़े गए। डीआईजी ने अभियान की उल्लेखनीय कामयाबी के लिए तीनों एसपी और सभी थानेदारों की हौसलाअफजाई की है।