परशुरामपुर (बस्ती)। थानाक्षेत्र के गोरया मार्ग पर चौरी बाजार के पास बृहस्पतिवार रात साढ़े नौ बजे अपाची सवार बदमाशों ने पिकअप ओवरटेक करके ड्राइवर पर चाकू से हमला कर दिया। उसे लहूलुहान करके जेब में रखे 20 हजार रुपये लूटकर भाग गए। प्रभारी निरीक्षक रमेश ने बताया कि मुखबिरों की सटीक सूचना पर एक बदमाश को धर दबोचा गया। उसके पास से लूट के 2250 रुपये और मोबाइल व चाकू बरामद किया गया।
पकड़े गए बदमाश राजेश उर्फ नानबच्चा निवासी पायरखास थाना छपिया, जनपद गोंडा ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार को वे तीनों सफेद रंग की अपाची से शिकार की तलाश में चौरी बाजार पहुंचे। उसका भरोसेमंद साथी अनिल कुमार दुबे निवासी सैजलपुर थाना छपिया और गोरखपुर जिले का रहने वाला अमित भी था। भीड़भाड होने के कारण वे गौशाला की ओर गए। तभी पीछे से एक पिकअप यूपी 41-एटी/1671 का पीछा करने लगे। ओवरटेक करके पिकअप रोक लिया और चालक को बाहर खींचने लगे। पिकअप चालक के विरोध करने पर उस पर चाकू से तीन-चार वार कर दिए। घायल होने पर उसकी जेब से 20 हजार रुपये छीन कर मसकिनवा की की तरफ भाग निकले। एसपी दिलीप कुमार ने प्रभारी निरीक्षक समेत वर्कआउट करने वाली टीम को पुरस्कार देने का एलान किया।