भोला की मौत पर रोते-बिलखते घरवाले।
- फोटो : amar ujala
रुधौली (बस्ती)। ग्राम पंचायत टिकरी के राजस्व पुरवा मजगवा में 50 वर्षीय राजगीर का शव पेड़ से लटका पाया गया। गांव के एक बगीचे में उसी के गमछे से फंदा बनाकर लटकाया हुआ था। बताया जा रहा है कि शाम को शराब पीकर घर पहुंचा, जिसे लेकर झगड़ा हुआ था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मजगामा के भोला सोमवार को देर शाम एक निजी विद्यालय पर काम करके घर लौटे। पत्नी माधुरी के साथ भोजन करके सोने बिस्तर पर चले गए। माधुरी जब उठी तो बिस्तर पर पति को न देख चौंक पड़ी। सुबह के वक्त जरूरी काम निपटाने गए होंगे यह सोचकर चुप रही। लेकिन थोड़ी ही देर बाद गांव के पश्चिम स्थित जमुना तिवारी के बाग में एक सिरसे के पेड़ से भोला का शव मिलने की सूचना मिलते ही उसके पैरों तले जमीन सरक गई। ग्रामीणों के अनुसार भोला के बच्चे नहीं हैं। भाई पतिराम से काफी मेलजोल था। पुलिस के मुताबिक प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद बातें स्पष्ट हो पाएंगी।