फोरलेन पर पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के परसा चौराहे पर मंगलवार सुबह करीब पांच बजे टहलने निकले 48 वर्षीय शख्स को बेकाबू ट्रक ने चपेट में ले लिया। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
फोरलेन पर पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के परसा चौराहे पर सलाम खां निजी क्लीनिक खोलकर इलाज करते थे। मंगलवार सुबह लगभग पांच बजे वह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले। उस समय कोहरा छाया था, जिससे रोड पर दृश्यता काफी कम हो गई थी। इसी दौरान पूरब की ओर जा रहे अज्ञात ट्रक ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसा होते ही ट्रक लेकर चालक फरार होने में कामयाब रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। थानाध्यक्ष अनिल कुमार दुबे ने बताया सलाम के परिवार के अब्दुल रहीम की तहरीर पर अज्ञात वाहन के चालक के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया है।