परशुरामपुर क्षेत्र के कोहराएं बाजार में बेकाबू पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक तो अनियंत्रित होने से बच गई लेकिन पीछे बैठी महिला की गोद से छिटककर उसकी छह साल की बेटी सड़क पर जा गिरी। इसी बीच पिकअप उसके ऊपर से गुजर गई। सोनाक्षी नाम की बालिका ने उसी पल दम तोड़ दिया।
क्षेत्र के मजगवां पाठक निवासी राघवराम वर्मा के घर शादी थी। बारात के बाद परंपरा के अनुसार मंगलवार को टेढ़वा समय माता मंदिर पर मौर चढ़ने का कार्यक्रम था। सुबह साढ़े नौ बजे बाइक पर छह साल की भतीजी सोनाक्षी को लेकर पति-पत्नी सम्मय माता मंदिर जाने के लिए निकले। कोहराएं बाजार पहुंचने पर रजवापुर की तरफ से अचानक आई पिकअप से बाइक में ठोकर लग गई। टक्कर लगने के बाद सोनाक्षी छिटककर पिकअप के पिछले टायर के नीचे जा गिरी। पुलिस ने शव और गाड़ी को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक चंद्रमोहन भाटिया ने बताया कि पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।