थानाक्षेत्र की लोढ़वा ग्राम पंचायत के सिलवटिया पुरवा में रविवार को सिंचाई करते वक्त किसान की पंपिंगसेट के पट्टे में फंसकर मौत हो गई। परिवार के लोग आनन-फानन एक निजी चिकित्सक के पास ले गए लेकिन देर हो चुकी थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव भेज कर कार्रवाई शुरू की।
सिलवटिया के शिव प्रसाद चौहान (52) खेती से घर का खर्च चलाते थे। तीन बेटे और तीन बेटियों के पिता शिव प्रसाद सिर्फ एक बेटे और एक बेटी की ही शादी विवाह कर सके थे। खेत सिंचाई के बाद रविवार दोपहर करीब ढाई बजे इंजन बंद करने गए तभी पट्टे में उनका कपड़ा फंस गया। इससे गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे अन्य लोग मदद में दौड़े। पंपिंगसेट बंद कर उन्हें पट्टे से छुड़ाया। हादसे के जानकारी परिवार वालों को भी दी गई। परिवार के लोगों ने आनन-फानन कस्बे के निजी चिकित्सक यहां पहुंचाया लेकिन तब तक शिव प्रसाद दम तोड़ चुके थे।