श्रद्धालुओं की पिकअप पलटी, 12 घायल
किछौछा शरीफ जा रहे थे शाहजहांपुर के लोग
बिहार के सीतामढ़ी से होकर जिले में पहुंचे थे
अमर उजाला ब्यूरो
नगरबाजार/कलवारी। भ्रमण पर निकले शाहजहांपुर जिले के ग्राम निगोही थाना पुआयां निवासी श्रद्धालुओं की पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बच्चों समेत 12 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
दुर्घटना शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे कलवारी थाना क्षेत्र के बेईली के पास हुई। शाहजहांपुर जिले के ग्राम निगोही थाना पुआया निवासी फिदा हुसैन समेत 15 से अधिक शनिवार को अंबेडकर नगर के किछौछा दरगाह जा रहे थे। शनिवार को ही ये लोग बिहार के सीतामढ़ी से ट्रक पर सवार होकर बस्ती के हंडिया चौराहे पहुंचे थे। यहां से किछौछा जाने के लिए पिकअप बुक कराई थी। पिकअप पर सवार कमल हुसैन ने बताया कि अगले पहिये में हवा कम थी। जिससे पिकअप एक तरफ हल्की सी झुकी थी। हम लोगों ने रास्ते में ही चालक से बताया कि पहिये में हवा कम है। लेकिन चालक ने हम लोगों की बातों पर ध्यान नहीं दिया। अभी कलवारी थाना क्षेत्र के ग्राम बेईली के पास ही पहुंचे थे, पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। इससे बच्चों समेत 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पिकअप पलटते ही चीख-पुकार मच गई। बच्चे रोने लगे। उधर, से गुजर रहे राहगीर और आसपास के लोग तत्काल घायलों की मदद में जुट गए। सूचना पर डॉयल 100 के प्रभारी प्रमोद कुमार पहुंचे। इसके बाद कलवारी पुलिस टीम एसआई सिद्धनाथ यादव, योगेश सिंह, सिद्धनाथ राय, महेंद्र यादव आदि पहुंचे। पुलिस ने सभी घायलों को ऑटो रिक्शा से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बहादुरपुर पहुंचाया। पीएचसी के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल बस्ती के लिए रेफर कर दिया। जहां सभी का उपचार चल रहा है। घायल फिदा हुसैन ने बताया कि हम लोग गांवों में फेरी लगाकर टीवी कवर, झूमर, मेजपोश आदि बेचने का कार्य करते हैं। सीतामढ़ी से ही अंबेडकरनगर के किछौछा दरगाह शरीफ जाने का कार्यक्रम था। इसके लिए बस्ती के हड़िया चौराहे से दो पिकअप बुक कराई थी।
हादसे में घायलों की सूची
वीरू (30) पुत्र फिदा हुसैन, मुस्कान (12), जोया (4), कुलसुम (8), तबस्सुम (5) पुत्री फिदा हुसैन, खुशबू (15) पुत्री कमल हुसैन, समीर (15) पुत्र फिदा हुसैन, शहाना (25) पत्नी कमल हुसैन, उस्मान (32) पुत्र इरफान, मुस्तकीम (18) पुत्र सिद्दीक, शबा (20) पुत्री नासिर, सीमा (20) पुत्री शमशाद।
हाईवे पर डिवाइडर से टकराई कार, तीन घायल
छुट्टा जानवर बचाने में बेकाबू हुई कार, विक्रमजोत कस्बे के निकट हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
विक्रमजोत। छावनी थाना क्षेत्र के विक्रमजोत कस्बे के निकट फोरलेन पर शुक्रवार की रात कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चालक समेत तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें सीएचसी पहुंचाया गया।
हादसा रात करीब साढ़े आठ बजे फोरलेन पर टहल रहे छुट्टा जानवरों को बचाने के दौरान हुआ। ब्रेक लेने से कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। कार में सवार तीनों लोग सौरव वर्मा, सतीश कुमार और चालक लकी यादव घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद ढाबे पर मौजूद लोगों ने पहुंचकर कार सवार लोगों को बाहर निकाला। तभी बस्ती की ओर से आ रहे तेज गति ट्रक से कार में ठोकर लग गई, जिससे कार और क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची विक्रमजोत चौकी पुलिस ने तत्काल घायलों को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत भेजा, जहां इलाज के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस चौकी प्रभारी संतोष कुमार सिंह में ट्रक और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की। फोरलेन पर छुट्टा पशुओं के आ जाने से आए दिन हादसे हो रहे हैं।