बस्ती। ऑनर किलिंग के आठवें वांछित लड़की के चाचा को भी पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। लड़की के चाचा अजय कुमार उर्फ पताली चौधरी पर आरोप है कि इसने दो सितंबर को चलती कार में सुमित की गला दबाकर हत्या की। छह सितंबर को कार से ले जाकर लड़की को सोन नदी में फेंकने में भी पताली की भूमिका बताई जा रही है। इस केस में नामजद आठ आरोपियों में लड़की के पिता बलराम चौधरी समेत सात पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके थे।
कोतवाली पुलिस ने 27 अक्टूबर को सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का खुलासा किया था। इसमें आवास विकास कालोनी निवासी सुमित (16) की वहीं की रहने वाली लड़की से प्रेम प्रसंग की बात सामने आई थी। 30 सितम्बर को लड़की के घर में पकड़े गए सुमित की लड़की के परिवार वालों ने तीन दिन बाद हत्या करके लाश अयोध्या जाकर सरयू में फेंक दी थी। इसके तीन दिन बाद लड़की को भी बिहार की सोन नदी के पुल पर से फेंक दिया।
इस हत्याकांड में पुलिस ने बलराम चौधरी के अलावा उनकी पत्नी उर्मिला, बहन मीरा, चचेरा भाई अजय कुमार चौधरी उर्फ पताली, भतीजे प्रेम चौधरी उर्फ मोनू, प्रवीन पटेल उर्फ दीपू, नौकर रणविजय उर्फ गोलू निवासी नसीराबाद थाना हसवर, अम्बेडकरनगर और ट्रक ड्राइवर अभिमन्यु उर्फ कोइल निवासी अहरा थाना मुण्डेरवा बस्ती को गिरफ्तार किया गया है।