सेल्फी लेने में बोलेरो से टकराया बाइक चालक
सरयू नदी पुल से ले रहे थे सेल्फी
अमर उजाला ब्यूरो
कलवारी। सरयू नदी पर बने टांडा पुल पर बाइक चलाते सेल्फी लेना युवक को महंगा पड़ गया। बोलरो की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे टांडा अस्पताल भिजवाया।
दुर्घटना रविवार की शाम हुई। सद्दाम हुसेन निवासी इल्फातगंज थाना इब्राहिमपुर जिला अंबेडकर नगर शाम करीब साढ़े पांच बजे बाइक से कलवारी आ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सद्दाम सरयू में पुल पर सेल्फी लेने के लिए बाइक चलाते रहे। इसी बीच टांडा की तरफ जा रही बोलेरो से उनकी बाइक टकरा गई। दुर्घटना में सद्दाम गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बोलेरो चालक भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर कलवारी थाने के एसआई रमेश कुमार यादव घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद घायल को इलाज के लिए टांडा अस्पताल के लिए भिजवाया। सद्दाम ने हेलमेट भी नहीं लगाया था, जिससे हाथ-पांव के अलावा सिर में भी चोट लगी है।
बोलेरो की चपेट में आए बाइक सवार घायल
नगर थाने के बक्सर के पास हुई दुर्घटना
अमर उजाला ब्यूरो
नगर बाजार। क्षेत्र के ग्राम बक्सर के पास तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में बाइक आ जाने से दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद बोलेरो चालक तेज गति से भाग निकला। हादसा रविवार दोपहर करीब तीन बजे हुआ। मदद में दौड़े आसपास के लोगों ने परिजनों को भी घटना की जानकारी दी। आनन-फानन घायलों को जिला अस्पताल बस्ती में भर्ती कराया गया। जहां दोनों का उपचार चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चालक ने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था। घायलों में बक्सर निवासी रामशंकर का 13 वर्षीय पुत्र विकास तथा इसी गांव के बसंत का बेटा जागेश्वर (18) हैं। बाइक से कुछ काम से जा रहे थे। यह लोग गांव के बाहर ही पहुंचे थे कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो बाइक में ठोकर मारती हुई आगे बढ़ गई। दोनों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। जहां हालत सामान्य बताई जा रही है।
दुर्घटना में युवक की मौत पर केस दर्ज
ओड़वारा। प्लास्टिक काम्प्लेक्स चौकी अंतर्गत बायपोखर में हादसे में युवक की मौत मामले में पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज किया है। शनिवार रात मौत के बाद परिवार वालों ने सड़क जाम कर दी थी। एसडीएम के आश्वासन पर लोगों ने जाम हटाया था। रविवार मृतक के भाई परमेश्वर दत्त शुक्ल पुरानी बस्ती थाने पहुंचे। शनिवार शाम गांव आते समय झुल्लुर की ट्रक के ठोकर से मौत हो गई थी। लगभग तीन घंटे बस्ती-कांटे मार्ग पर जाम लगा दिया था। सीओ सिटी, एसडीएम, एडीएम सहित उच्च अधिकारियों के समझाने-बुझाने और एडीएम रमेश चंद्र के पांच लाख रुपये का दुर्घटना बीमा राशि, ग्राम समाज से कुछ भूमि आवंटित करने, कृषक बीमा का लाभ, दिवंगत की पत्नी को विधवा पेंशन का आश्वासन देने पर लोगों ने जाम हटाया। परिजनों और ग्रामीणों का स्थानीय पुलिस के खिलाफ काफी आक्रोश रहा। इन लोगों का कहना था कि यहां पर सीमेंट और गोदाम में आने-जाने वाले ट्रक अक्सर सड़क के दोनों किनारे खड़ी कर देते हैं। आएदिन कोई न कोई हादसा होता रहता है।