लिफ्टर गिरफ्त में, आठ बाइक बरामद
बस्ती।
पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान अंतर्जनपदीय बाइक लिफ्टर गिरोह के सरगना समेत तीन को धर दबोचा। उनके कब्जे से चोरी की आठ बाइकें बरामद की गईं हैं, जिन्हें शहर के अलावा आसपास के अन्य जनपदों से चोरी किया गया है। पकड़े गए अशोक कुमार निवासी सिकटिहवा थाना दुबौलिया को पुलिस सरगना बता रही है। जबकि इन्द्रजीत वर्मा उर्फ जूगूनू निवासी चिलविला थाना दुबौलिया और जैकेश कुमार चौधरी उर्फ विक्की निवासी खडौवा जाट थाना नगर सहयोगी हैं। इनका चौथा सहयोगी सुनील कुमार निवासी सिकटिहवा फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह जिले के अलावा संतकबीरनगर, गोंडा एवं अंबेडकरनगर से बाइक चोरी करता है। नंबर प्लेट बदल कर या फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसे स्वयं उपयोग करते थे। मुख्य अभियुक्त अशोक चोरी के मामले में हाल में जेल से छूटा है। इनके कब्जे से टीवीएस स्टार स्पोर्ट्स यूपी 42एस-5839, होंडा सीडी डिलक्स यूपी58-ई-9104 के अलावा होंडा पैशन प्रो यूपी45जे-8340, पैशन प्रो यूपी51यू-8060, होंडा स्पेलेंडर यूपी/51एई/3050, पैशन प्रो यूपी51एक्स/3692, होंडा स्पेलेंडर प्रो यूपी/43/क्यू-2492 के अलावा एक ग्लैमर लाल रंग बिना नंबर की बरामद की गई है।