एसबीआई का करेंसी चेस्ट तोड़ने की कोशिश
पैकोलिया (बस्ती)।
थानाक्षेत्र के हसीनाबाद बाजार में स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा भीटीमिश्र में रविवार की रात चोरों ने कैरेंसी चेस्ट का ताला तोड़कर चोरी की कोशिश की। हालांकि, चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं होने पाए। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल की। पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के माध्यम से चोरों की तलाश में जुटी है। माना जा रहा है कि चोर बैंक के मुख्य गेट के बगल में खुली खिड़की से भीतर दाखिल हुए।
बैंक के मुख्य गेट के बगल में पासबुक अपडेट करने की मशीन लगाने के लिए एक खिड़की है। शनिवार को बैंक कर्मियों की लापरवाही से खिड़की खुली रह गई। रविवार की रात चोर उसी रास्ते से बैंक के अंदर घुस गए और केरेंसी चेस्ट के चैनल में लगे तीन तालों को काटकर चेस्ट को खोलने का भी प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालने पर जांच टीम ने अब तक यह पाया है कि चोर 10:53 बजे रात को बैंक के भीतर प्रवेश दाखिल हुए। चोरों ने सफेद गमछे से चेहरा ढंक रखा था। घटना की जानकारी जैसे ही प्रबंधक अरुण कुमार सिंह को हुई उन्होंने पुलिस अधिकारियों तथा बैंक के अधिकारियों को इसकी सूचना दी। मौके पर सीओ हर्रैया एसएन सिंह, कार्यवाहक थानाध्यक्ष कन्हैया लाल मौर्य, फोरेंसिक टीम प्रभारी कृष्णकांत राय और डाग स्क्वॉड मौके पर जांच-पड़ताल में जुट गई है। इधर, एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक सूर्य कुमार, बैंक के सिक्योरिटी ऑफिसर गोरखपुर दिलीप सिंह भी वहां पहुंचे हैं। कार्यवाहक थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। जांच की जा रही है। पुलिस के हाथ अब तक कोई अहम सुराग नहीं लगा है।