बस्ती। स्वाट टीम और पैकोलिया पुलिस ने दो बाइक चोरों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर सात बाइक बरामद की है। लिफ्टरों का तीसरा साथी पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
एसपी दिलीप कुमार ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि सोमवार देर शाम पैकोलिया-गौर मार्ग पर स्थित पचपेड़वा चौराहे पर गश्त के दौरान सूचना मिली कि कस्बे के जलेबीगंज में दोनों शख्स बिना कागजात के बाइक बेचने की कोशिश में हैं। खरीदार न मिलने पर ये लोग असनहरा की ओर जा रहे हैं। टीम ने असनहरा पुलिया के पास चेकिंग शुरू कर दोनों को पकड़ लिया गया। पंकज उर्फ गुड्डू निवासी सिसौनी थाना दुबौलिया और दूसरा उसी के गांव का बुद्धसागर है। पंकज उर्फ गुड्डू ने पुलिस को बताया कि वे वाहन चोरी कर नंबर प्लेट बदल देते हैं और नेपाल में ले जाकर बेच देते हैं। एसपी के अनुसार दुबौलिया थाने के सिकटेहवा निवासी इसका तीसरा साथी सुनील जेल में है।
18 केस हैं
पंकज पर कप्तानगंज, दुबौलिया के अलावा कोतवाली खलीलाबाद जनपद संतकबीरनगर में आर्म्स एक्ट, फर्जीवाड़ा, धोखाधड़ी के आठ मुकदमे दर्ज हैं। जबकि दूसरे अभियुक्त सुनील पर कप्तानगंज के अलावा कोतवाली नगर फैजाबाद, दुबौलिया, कोतवाली बस्ती, हर्रैया और खलीलाबाद कोतवाली संतकबीरनगर में उक्त आरोपों में 10 मुकदमे दर्ज हैं।
टीम को पांच हजार इनाम
गिरोह का पर्दाफाश करने पर एसपी ने टीम के सभी सदस्यों को गुड इंट्री और पांच हजार रुपये नकद पुरस्कार की घोषणा की है। टीम में पैकोलिया एसओ पंकज पांडेय, स्वाट प्रभारी विक्रम सिंह, एसआई मनीष जायसवाल, कांस्टेबल अभिमन्यु सिंह, सुरेंद्र यादव, मनोज राय, मणींद्र प्रताप चन्द, आदित्य पांडेय, अजय दुबे, सदानंद यादव, छोटेलाल, अरुणेश यादव के अलावा पैकोलिया थाने के हाकीम चन्द, गणेश दत्त मिश्रा शामिल हैं।